उसहैत। पशुशाला में अचानक बिजली का करंट आ जाने से दो गायों की मौत हो गई। पशु पालक को घटना की जानकारी पशुओं को चारा डालते वक्त हुई।
वार्ड नंबर- 11 निवासी पवन मिश्रा ने बताया कि सोमवार की रात उनकी निजी पशुशाला में तीन गायें बंधी थीं। रात्रि में बारिश से पशुशाला की दीवारें भीग गई थीं। दीवार पर लगे बिजली बोर्ड से करंट आसपास फैल गया। एक गाय दूर बंधी होने के कारण बच गई। घटना की जानकारी तब हुई जब उनके चाचा गायों को चारा डालने गए। दो गायों को मृत देख वह हक्के-बक्के रह गए।
उन्होंने बाकी परिजनों को घटना की जानकारी दी। जब परिजन गोशाला की ओर बढ़े तो उन्हें करंट के झटके महसूस हुए। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि दोनों गायों की मौत करंट से हुई है। परिजनों ने बिजली की मेन लाइन काट दी। पशुपालक को दो गायों की मौत से भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। संवाद