बदायूं। पोस्टमॉर्टम हाउस परिसर में शव को कुत्ता नोचने के मामले में शनिवार को एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने सीओ उझानी की रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की है।
कछला घाट पर 12 अप्रैल को एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। 72 घंटे बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया था। पोस्टमॉर्टम कराने के लिए कछला पुलिस चौकी से सिपाही विकास बैसला और छोटू भार्गव गए थे। पोस्टमॉर्टम के बाद बगैर सील किए शव दोनों सिपाहियों को सौंप दिया गया था।
पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने शव को सील करने के लिए सिपाहियों से रुपये मांगे थे। सिपाही ने नहीं दिया तो उन्होंने शव को बाहर रख दिया। शव गंगा में डूबने और 72 घंटे रखे रहने के कारण सड़ गया था। उसमें कीड़े पड़ गए थे। इस वजह से शव में दुर्गंध आ रही थी। इसलिए सिपाही दूर हट गए थे। इस बीच एक कुत्ता शव के पास पहुंचा और नोच कर खाने लगा। किसी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों की लापरवाही उजागर हुई।
इसकी जांच एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने सीओ उझानी को सौंपी। तीन दिन तक चली जांच में सीओ ने पोस्टमॉर्टम हाउस के फार्मासिस्ट, पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारियों व सिपाहियों के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर दोनों सिपाहियों की लापरवाही उजागर हुई। एसएसपी ने शनिवार देर रात सीओ की रिपोर्ट के आधार पर दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।