उसहैत। गंगा नदी में लापता हुए दो बच्चों, केशव और पिंटू, का घटना के छठवें दिन शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। ग्राम खजुरा पुख्ता में गंगा में डूबे इन बच्चों की तलाश लगातार जारी है।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि दो बालकों के शव पिपराही गांव में गंगा पर बनी पुलिया से बरामद हुए हैं। उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी और गांव का पता लगाना शुरू किया। हालांकि, फर्रुखाबाद, कन्नौज और कानपुर तक इस नाम का कोई गांव नहीं मिला। इन जिलों के मोर्चरी में भी अज्ञात बालकों के शव नहीं मिले हैं।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आसपास के इलाके में गंगा में कटान हुआ था। इस बात की भी संभावना है कि बच्चे कहीं मिट्टी की ढांग में दब न गए हों। एसडीआरएफ और फ्लड फोर्स की टीमें लगातार बच्चों की तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्चों का पता लगा लिया जाएगा। संवाद