लालपुर खादर से मौसमपुर को जाने वाले मार्ग पर बनने वाले रपटा पुल की लागत लगभग एक करोड़ रुपये है। इसके लिए शासन ने 35.06 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। वहीं, लालपुर खादर से शेरपुर मार्ग पर बनने वाले रपटा पुल के लिए कुल 70.68 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 24.84 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में जारी हो चुके हैं। दोनों पुलों के निर्माण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
बरसात के मौसम में गंगा नदी उफान पर आ जाती हैं, जिससे इन मार्गों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। इस वजह से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाएं समय पर गांवों तक नहीं पहुंच पाती थी। लेकिन रपटा पुल बनने के बाद सालभर सुचारु यातायात संभव हो सकेगा और आपात स्थितियों में मदद समय पर पहुंच पाएगी।
लालपुर खादर निवासी किशन लाल, रोशन सिंह का कहना है कि वे लंबे समय से इन मार्गों पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। अब जब शासन से स्वीकृति मिली है तो लोगों में खुशी और उम्मीद दोनों है। किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में आसानी होगी और बाजारों से संपर्क बेहतर होगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। शासन से धनराशि मिल गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।