वजीरगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम करेंगी में फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद खेत पर काम कर रहे दो भाइयों पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात मोबाइल धारक और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम करेंगी निवासी संजीव सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर को दोपहर करीब 12:36 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उनके पास फोन की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। आरोप है कि 15 नवंबर की शाम करीब 6:15 बजे संजीव सिंह अपने भाई दीपांशु सिंह के साथ खेत पर आलू में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे।
एक व्यक्ति ने संजीव के चेहरे पर टॉर्च से वार कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। एक अन्य व्यक्ति ने गोली मारने की धमकी दी। दोनों भाइयों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। पीड़ित के अनुसार गांव के लोगों को बुलाने पर आरोपी मौके से भाग गए। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद