फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: किसान दिवस में उठीं छुट्टा गोवंश, बाजरा क्रय केंद्र और बिजली आपूर्ति की समस्याएं

विज्ञापन
बदायूं के ​विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्या को सुनती सीडीओ और मौजूद
विज्ञापन
बदायूं। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें किसानों ने छुट्टा गोवंश, बाजरा क्रय केंद्र और बिजली आपूर्ति समेत कई समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

किसान दिवस में विकास खंड करौलिया गांव निवासी किसान नरव्रेश सिंह ने छुट्टा गोवंशों को पकड़वाने की मांग उठाई। बोले, गांव के चौराहे पर 15 से 20 गोवंश हर समय मौजूद रहते है। इस पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल रहीम ने बताया कि संबंधित खंड विकास अधिकारी को समस्या से अवगत करा दिया गया था।
किसान रामबाबू सिंह ने उसावां में बाजरा क्रय केंद्र नहीं खुलने का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत में बिजली की समस्या को भी उठाया। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर एक बड़ा ट्रांसफॉर्मर रखा हुआ है। इस कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसको हटाने के लिए विभाग के करीब 10 वर्षों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का हल नहीं निकला है। इस कारण से उन्होंने किसान दिवस में अपनी समस्या रखी। इस पर सीडीओ ने बिजली निगम के अधिशासी अभियंता द्वितीय खंड को ट्रांसफॉर्मर के लिए दूसरी जगह चिह्नित करने को कहा।
विज्ञापन

बाजरे के क्रय केंद्र नहीं खुले होने पर विभागीय प्रतिनिधि ने बताया कि जिले में धान के 46 और बाजरा के 16 क्रय केंद्र संचालित हैं। दातागंज तहसील में बाजरा के चार क्रय केंद्र खोले जाएंगे। इधर, किसान राम औतार मिश्रा ने सुबह छह से नौ बजे तक बिजली आपूर्ति की समस्या रखी। इस पर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ने शासन के निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति किए जाने की बात कही।
एफपीओ निदेशक वीरेश तोमर ने सहकारिता विभाग के साथ हुए अनुबंध का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को सभी एफपीओ की बैठक कराने के निर्देश दिए। किसान दिवस में उप कृषि निदेशक ने फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता और रबी सीजन में बीज प्राप्त करने के लिए जनसेवा केंद्रों से बुकिंग कराने की जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी के प्रतिनिधि ने किसानों से 30 नवंबर तक आलू का पंजीकरण कराने की अपील की। इस दौरान कृषि, बिजली, पशुपालन, सिंचाई, गन्ना, विपणन और उद्यान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


किसान दिवस में आए सभी किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। उनकी समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभाग को किसानों से वार्ता कर उसका हल निकालने के लिए निर्देशित किया गया है। अधिकारियों से उम्मीद है कि अगले किसान दिवस में ये समस्याएं दोबारा नहीं आएंगी। - गामिनी सिंगला, सीडीओ

बदायूं के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्या को सुनती सीडीओ और मौजूद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें