बिनावर (बदायूं)। बिनावर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर बिलहैत रोड पर दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में एक बाइक पर सवार शराब सेल्समैन राजू की जान चली गई। जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी राजू (30) विहलैत गांव में सरकारी देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन थे। बृहस्पतिवार दोपहर राजू बाइक से दुकान के रुपये और शराब का पर्चा जमा करने विलहैत से बिनावर जा रहे थे। इसी दौरान मौसमपुर गांव के नजदीक मढ़ी के सामने तेज रफ्तार में आ रही बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे में राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर मौसमपुर के ही नदीम सवार थे। उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने उनके परिवारवालों को बुला लिया। इसके बाद दोनों घायलों को बरेली भेज दिया गया। बरेली के एक निजी अस्पताल में राजू की इलाज के दौरान मौत हो गई। राजू तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो बेटे हैं। बरेली में ही उनके शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी चल रही है।