बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र में सतेती गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बाकरपुर निवासी अमित (21 वर्ष) खितौरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार को वह खितौरा निवासी 70 वर्षीय भूदेव और उनके 14 वर्षीय नाती निखिल के साथ बाइक से उलैइया गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- UP News: जाली जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कॉलेज का शिक्षक और उसका भाई गिरफ्तार
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी बिल्सी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। भूदेव और निखिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में भूदेव को मृत घोषित कर दिया। निखिल का उपचार जारी है।
दूसरी बाइक पर सवार युवक दुर्घटना के बाद मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना पर मृतकों के परिवार के लोग रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।