बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर गांव लहरा आसदुल्लापुर के पास बुधवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कासगंज जिले की सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगरिया मानपुर निवासी बुद्दो देवी पत्नी प्यारेलाल और कामेश कुमार पुत्र श्रीपाल सिंह बाइक से थाना उघैती क्षेत्र के गांव धरैरा से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर लहरा आसदुल्लापुर के निकट पहुंची, तभी गांव बरवारा की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में बुद्दो देवी, कामेश कुमार तथा दूसरी बाइक सवार युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों को मामूली चोटें आई हैं। बिल्सी सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि थाना मुजरिया पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। संवाद