बदायूं। सहसवान-कछला मार्ग पर रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में वृद्ध मलखान और एक युवक प्रताप की मौत हो गई, जबकि, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
सहसवान थाना क्षेत्र में रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे डोरीलाल चौराहे से करीब 100 मीटर आगे हादसा हुआ। गांव गंगापुर निवासी प्रताप 22 पुत्र अमर सिंह अपने साथी संजीव 20 पुत्र रामदास के साथ बाइक से कछला की ओर से सहसवान आ रहे थे। वहीं, गांव बड़ेरिया निवासी मलखान (60) पुत्र रोहन अपने बेटे विनेश (25) के साथ सहसवान से कछला की ओर जा रहे थे।
डोरीलाल चौराहे पर दोनों बाइकों के पहुंचने पर आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद दोनों बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर सीएचसी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्रताप और मलखान को मृत घोषित कर दिया और विनेश और संजीव की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वृद्ध और युवक की मौत की खबर सुनकर परिवारों में कोहराम मच गया। गांव से ग्रामीण अस्पताल भी पहुंच गए। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। किसी की ओर से कार्रवाई के लिए कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
प्रताप फाइल फोटो
प्रताप फाइल फोटो