बदायूं। दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी से होने वाले हादसों में घायलों का इलाज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली। जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही 24 घंटे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जलने या अन्य हादसों में घायल लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।
दीपावली के दौरान पटाखों से हाथ, चेहरे और आंखों में चोट लगने के साथ आग से झुलसने की घटनाओं की आशंका रहती है। इसे देखते हुए सभी सीएचसी पर बर्न से संबंधित दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बिना देरी प्राथमिक उपचार दिया जाए। गंभीर स्थिति होने पर मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा, जिससे उसे बेहतर उपचार मिल सके।
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. तहसील और डिप्टी सीएमओ डॉ. गौस मोहम्मद को नोडल अधिकारी बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोगों को उपचार के लिए भटकना न पड़े।
जिले की सभी सीएससी पर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात कर दिया गया है, जो 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं में मौजूद रहेंगे। वहीं दो-दो बेड आरक्षित कर दिए गए हैं ताकि अगर कोई मरीज आता है तो उसको तत्काल इलाज मुहैया कराया जा सके। - डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ बदायूं
पटाखे से जलने पर बर्फ से करें सिकाई
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि पटाखों के दौरान अगर कोई व्यक्ति जल जाता है, तो वह बर्फ से सिकाई करें। वहीं, घरेलू किसी भी चीज का उपयोग जले हुए स्थान पर न करें। इसके अलावा आंखों में दिक्कत हो, तो आंखों को न रगड़े। इससे आंखों में दिक्कत हो सकती है। जल्द से जल्द डॉक्टर की सलाह लें।