बदायूं। सरकारी धन के उपयोग में अनियमितता करने के मामले में दो प्रशासकों पर कार्रवाई की गई है। जिले की वजीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत खुर्मपुर भमोरी की प्रशासक रविन्द्री देवी पत्नी चौब सिंह और विकास खंड बिसौली की ग्राम पंचायत मिठामई की प्रशासक रेखा रानी शाक्य को प्रशासक पद से हटा दिया गया है। साथ ही उनसे धन की रिकवरी भी की जाएगी।
मिठामई के ग्रामीणों ने 20 जून को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया था कि प्रशासक रेखा रानी और सचिव प्रिया पाल ने फर्जी कार्यों में धन की निकासी की है। कहा था कि पूर्व में हुए हैंडपंप रीबोर को दोबारा रीबोर दिखाकर, गांव में गोशाला न होने के बाद भी मृत गायों को दफन कराने के नाम पर कुल 8 लोगों के खाते में 10.84 लाख रुपये डालकर गबन किया गया है।
डीएम ने डीपीआरओ यावर अब्बास से मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में गबन की बात सामने आई। इसके बाद प्रशासक और सचिव को नोटिस जारी जवाब देने को कहा गया। जवाब संतोषजनक नहीं दिए जाने पर मंगलवार को डीएम अवनीश राय के अनुमोदन पर डीपीआरओ यावर अब्बास ने कार्रवाई करते हुए दोनों ग्राम पंचायत की प्रशासकों को हटा दिया। डीपीआरओ ने बताया कि दोनों पर सरकारी धन की अनियमितता का आरोप है। अब धनराशि की वसूली की जाएगी।