पास्टमॉर्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक जयकिशन के परिजन। संवाद
उझानी (बदायूं)। ट्रक के हेल्पर को सड़क पार करते समय पीछे से आई कार ने चपेट में ले लिया। हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने केे बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे बदायूं रोड पर जिरौलिया के पास एक ढाबे के सामने हुआ। संभल जिले के गुन्नौर से ट्रक में दाल लादकर उसे बरेली पहुंचाने के लिए रजपुरा निवासी चालक गवेंद्र शर्मा और गांव चंदूनगला निवासी हेल्पर जयकिशन निकले।
जिरौलिया के पास चालक और हेल्पर ने चाय पीने के लिए ट्रक ढाबे के सामने रोक दिया। इसी दौरान चाय पीकर ट्रक की ओर बढ़ते समय हेल्पर जयकिशन (25) को पीछे से आई कार ने चपेट में ले लिया। जयकिशन की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ने कार का पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं लगी।
ढाबा मालिक ने फोन करके पुलिस को बुला लिया। दरोगा दिनेश कुमार ने चालक गवेंद्र और ढाबा मालिक से हादसे के बारे में जानकारी की। पुलिस ने शव रात में ही जिला अस्पताल की मोरचरी में रखवा दिया। शनिवार दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के बड़े भाई रामदास ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है। दरोगा दिनेश ने बताया कि चालक और कार की तलाश शुरू कर दी गई है।