मूसाझाग (बदायूं)। थाना क्षेत्र की महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने और देवर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। पति आए दिन मारपीट करता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरेली के मोहल्ला हजियापुर निवासी महिला की शादी वर्ष 2009 में थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसके मुताबिक शादी के बाद ससुराल वाले उसको परेशान करने लगे। उससे दहेज की मांग कर रहे थे लेकिन उसके मायके वाले उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे। महिला का आरोप है कि उसका देवर फौज में है। वह जब भी छुट्टी लेकर आता, उस पर बुरी नजर डालता है। संबंध बनाने का दबाव बनाता था। जब वह नहीं मानी तो देवर ने भी उसके साथ मारपीट की। पति उसे ससुराल में रहने नहीं देता था। वह मारपीट करके उसे मायके भेज देता था। उन्होंने कई बार इसकी थाने में शिकायत की लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। गांव वालों ने फैसला करा दिया। उसके तीन बच्चे हैं। वह बरेली रहते हैं। महिला विधानसभा चुनाव के वोट डालने ससुराल आई थी। वह अपने मायके से ससुराल जा रही थी तो रास्ते में पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। फिर उसे घर में घुसने नहीं दिया। इस पर उसने अपने पति, ससुर और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।