जरीफनगर। थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर मोहसनपुर में तीन फरवरी की सुबह एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। युवक का शव घर के दरवाजे पर ही पड़ा मिला था।
बुधवार को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस हत्या की तफ्तीश कई बिंदुओं पर कर रही है। पुलिस करीबियों पर भी हत्या का शक है।
थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहसनपुर गांव निवासी हरपाल (27) पुत्र अतर सिंह की तीन फरवरी को घर के दरवाजे पर ही लाश पड़ी मिली थी। उस दौरान उसकी पत्नी मायके में थी। गले पर खरोंच के निशान थे। इस वजह से पुलिस को हत्या की आशंका थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
इसके बाद से ही पुलिस परिजनों से तहरीर मांग रही थी। बुधवार सुबह मृतक के भाई मुनीश ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि हरपाल का दो फरवरी को गांव के तीन लोगों से शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने हरपाल को नाधा चौकी पुलिस से पकड़वा दिया। चौकी पर दोनों पक्षों का फैसला हो गया था। जब हरपाल घर लौटकर आया तो वह बेची गई भैंस के रखे 45 हजार रुपये लेकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान उन्हीं लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की।
हमलावर हरपाल की हत्या करने के बाद देर रात मृत अवस्था में उसे घर के दरवाजे पर छोड़ गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कल्यान, रामगुलाम और रोहताश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जरीफनगर इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्या की तफ्तीश कई बिंदुओं पर की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।