ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर विरोध जताते रेपुर गांव के लोग। संवाद
बदायूं। बिसौली विकासखंड के गांव रेपुर का ट्रांसफार्मर 45 दिनों में तीसरी बार फुंक गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। बिजली निगम कार्यालय के घेराव की भी चेतावनी दी है।
रेपुर गांव में 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा है। गांव में 40 से अधिक कनेक्शन हैं। इससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। डेढ़ महीने में शनिवार को तीसरी बार ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे गांव में बिजली संकट गहरा गया। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं। पानी के लिए ग्रामीणों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है। सब मर्सिबल की मोटर बंद होने से पानी को लेकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के मोहल्लों से जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार लिखित शिकायत दीं, लेकिन 25 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई तो वह बिजली निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। इस मामले में उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी शिकायत की है।