बदायूं। बीएसए डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह को बरेली डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि इस पद को संभाल रहे आनंद प्रकाश शर्मा को जिले में बीएसए पद की कमान सौंपी गई है। इससे पहले 2015 में भी आंनद प्रकाश बदायूं में बीएसए रह चुके है। यहां पर उन पर तमाम गंभीर आरोप लगे थे। उसके बाद में उनका स्थानांतरण कर दिया था। वहीं, आगरा में बीएसए रहते हुए शासन ने उनको निलंबित किया था।
शासन ने 30 जून 2021 को मेरठ में मंडलीय मनोवैज्ञानिक का पद संभाल रहे डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह को बदायूं का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया था। अब उनका स्थानांतरण बरेली डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर कर दिया है। इसी पद को देख रहे आनंद प्रकाश शर्मा को बदायूं का नया बीएसए बनाया है। आनंद प्रकाश वर्ष 2015 में भी बेसिक शिक्षा अधिकारी का पदभार संभाल चुके हैं। उस दौरान उन पर कई गंभीर आरोप भी लगे थे, जिसके बाद 2016 में उनका स्थानांतरण दूसरे जनपद में कर दिया गया था। वहीं 2019 में आगरा के बीएसए रहते हुए शासन ने उनको निलंबित करते हुए लखनऊ से अटैच कर दिया था। उस दौरान भी उन पर कई गंभीर आरोप थे। बहाल होने के बाद उनको रायबेरली का बीएसए बनाया गया था।