किसी वजह से नियुक्ति काउंसिलिंग में हिस्सा नहीं ले सके पुरुष और महिला अभ्यर्थी गुरुवार को बारिश के बीच काउंसिलिंग कराने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान(डायट) में डटे रहे। बुधवार को काउंसिलिंग करा चुकीं 311 महिला अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी बांटे गए। इनकों शुक्रवार को आवंटित स्कूलों में ज्वाइन करना होगा।
बुधवार को काउंसिलिंग कराने आई प्रशिक्षु अभ्यर्थियों को तड़के तीन बजे नियुक्ति पत्र दिए गए। बाकी बचे हुए अभ्यर्थियों को गुरुवार को नियुक्ति पत्र बांटे गए। दूसरी तरफ किसी वजह से काउंसिलिंग में हिस्सा नहीं ले सके पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की डायट संस्थान में काउंसिलिंग कराई।
अभ्यर्थी शाम तक काउंसिलिंग कराए। बारिश होने के कारण थोड़ी अव्यवस्थाएं जरूर हावी रहीं। लेकिन बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों ने दो टेबिल लगाकर काउंसिलिंग कराई। शाम तक चली काउंसिलिंग के बाद नियुक्ति पत्र तैयार किए गए। बीएसए कृपाशंकर वर्मा ने बताया कि यह अभ्यर्थियों को एक मौका दिया गया था। चूंकि अब ज्वाइनिंग करानी है, लिहाजा काउंसिलिंग नहीं कराई जाएगी, हां अगर कोई काउंसिलिंग स्थल पहुंचा और किसी वजह से काउंसिलिंग कराने से रह गया हो तो उस अभ्यर्थी पर विचार किया जा सकता है।
बताया कि गुरुवार को प्रशिक्षु नियुक्ति काउंसिलिंग में सभी वर्गों में 56 अभ्यर्थी आए। इसमें 26 पुरुष और 30 महिला अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई गई। जो शेष रह जाएंगे उनको 23 जनवरी की सुबह नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।