सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरित न किए जाने से अंजान अभ्यर्थी सुबह से ही डायट संस्थान पर एकत्र होने लगे। जब उन्हें पता चला कि नियुक्ति पत्र सोमवार को नहीं, बल्कि मंगलवार से वितरित होंगे तो वह मायूस हो गए। कुछ ने रोष जताया। करीब दो सौ से साढ़े तीन सौ किलोमीटर की दूरी तय करके आए अभ्यर्थियों ने कहा कि वह जाए तो कहां? सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हुई, क्योंकि संशोधित तिथि के मुताबिक उनके नियुक्ति पत्र एक दिन बाद दिए जाएंगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार सोमवार को महिला अभ्यर्थियों को प्रशिक्षु काउंसिलिंग के तहत चयनित किए जाने पर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने थे। इसके लिए बाकायदा विज्ञापन भी जारी कराया गया, लेकिन ऐन वक्त पर थर्ड काउंसिलिंग में कुछ अभ्यर्थियों का डेटा मिलान न हो पाने पर पकड़ में आए अभ्यर्थियों को मद्देनजर रखते हुए वितरित किए जाने वाले नियुक्ति पत्र की तिथि में संशोधन कर दिया गया। महिलाओं को 19 जनवरी की बजाय 21 जनवरी को आने के लिए बोला गया। इसकी सूचना देर शाम को आने के कारण बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों को नहीं हुई, जिस कारण वह सुबह डायट पर पहुंच गए। जब पता चला कि सोमवार को नियुक्ति पत्र नहीं दिए जाएंगे, तो वह मायूस हो गए। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ी। पूरे दिन अभ्यर्थी यही सोचते रहे कि वह घर जाएं या फिर एक दिन यहीं रहकर काटे। वहीं कट ऑफ की स्थिति जानने के लिए आए अभ्यर्थी भी पूरे दिन डायट संस्थान में बैठे रहे। जैसे ही शाम को मेरिट जारी हुई, वैसे ही वह अपने-अपने घर को लौटे, बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों ने होटल आदि में रात काटी।
कटऑफ जारी, आज बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र
लंबी जद्दोजहद और मशक्कत के बाद सोमवार देर शाम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ने प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों की कट ऑफ जारी कर दी। कट ऑफ देखने के लिए देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ जमा रही। हालांकि इसकी सूची एनआईसी पर भी अपलोड करा दी गई है। मंगलवार को पुरुष अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। चौथी काउंसिलिंग के बाद 19 जनवरी को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने थे, लेकिन सूची अपडेट न होने के कारण एक दिन बढ़ा दिया गया। सोमवार को सूची तैयार कर डायट संस्थान ने देर शाम अंतिम कट ऑफ जारी कर चस्पा कर दी। साथ ही एनआईसी की साइट पर भी अपलोड करा दी। डायट प्राचार्य आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए डायट, बेसिक कर्मियों के अलावा पुलिस प्रशासन का भी सहयोग मांगा गया है। बीएसए कृपा शंकर वर्मा ने बताया कि सीटों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सभी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।