अमर उजाला के खबर छापने पर हरकत में आई पुलिस
शहर में चारों तरफ लग रहे जाम से परेशान लोगों की पीड़ा उकेरती हुई खबर अमर उजाला में छापे जाने के बाद मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था में कुछ सुधार नजर आया। अक्सर सड़क के किनारे पड़े रहने वाले डिवाइडर अपने नियत स्थान पर लगे नजर आए। ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और पुलिसकर्मी भी ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करते नजर आए। इससे शहर में हर वक्त जाम की जद में रहने वाला लॉबेला चौराहा पर मंगलवार को कुछ सुकून नजर आया।
शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस करते हुए अमर उजाला ने जाम की खबर को प्रमुखता से छापा। इस पर गौर करते हुए ही एसएसपी सुनील सक्सेना ने ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इससे शहर में रखे डिवाइडर लगाकर पुलिस ने ट्रैफिक कंट्रोल किया। साथ ही आड़े-तिरछे वाहन खड़े करने वालों के वाहनों को पुलिस ने कोतवाली में खड़ा करवा दिया। नियम तोड़ने वाले बाइक सवारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ऐसे में स्कूलों से घरों में जाने वाले बच्चों को जाम के झाम में नहीं फंसना पड़ा।