उझानी में फुटपाथ से सब्जियां हटाने की चेतावनी देते टीएसआई। स्रोत- पुलिस
उझानी। यातायात पुलिस ने सोमवार दोपहर मुख्य बाजार में अतिक्रमण देखकर सब्जी विक्रेताओं, ठेले व फड़ वालों को हटवाया। इस पर कई फड़ व ठेले वालों ने यह कहकर विरोध जताया कि अतिक्रमण के नाम पर केवल हमें ही क्यों हटाया जा रहा है, जबकि अतिक्रमण की चपेट में पूरा बाजार है, उसे भी हटाया जाए।
नगर के बाजार में अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम लगता है। मुख्य बाजार में अतिक्रमण सबसे ज्यादा घंटाघर चौराहे से अशफाक तिराहे तक है। इस बीच पुरानी अनाज मंडी और हलवाई चौक मोड़ ऐसे दो प्वाइंट हैं, जहां किसी भी समय राहगीर बिना परेशानी के निकल नहीं सकते। दुकानदारों ने चार-पांच फुट तक फुटपाथ घेरा हुआ है। सामान खरीदने के लिए अगर किसी दुकान के सामने ग्राहक ने बाइक भी खड़ी कर दी तो छोटे वाहनों की कतार लग जाती है। बिल्सी रोड बाजार, पंखा रोड और स्टेशन रोड का भी यही हाल है। स्टेशन पर डाकघर के आसपास के अतिक्रमणकारियों पर तो यातायात के पुलिस कर्मियों की भी नजर नहीं जाती।
इसको लेकर सोमवार को टीएसआई ने बदायूं रोड बाजार में सब्जी विक्रेताओं को हटवाया। कहा कि कल से यहां खड़े नहीं दिखने चाहिए। इसके बाद घंटाघर चौराहे की तरफ जाकर देखा तो वहां भी अतिक्रमण मिला। इस पर टीएसआई ने ठेला, खोमचा व फड़ वालों को चेतावनी दी। बोले- अतिक्रमणकारी अगर फिर भी नहीं मानते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर ठेले व फड़ वालों ने भी कहा कि अतिक्रमण हटाना है तो पूरे बाजार का हटाया जाए। वह भी साथ है। लेकिन ठेले व फड़ वालों का उत्पीड़न किया गया तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।