बदायूं। दातागंज-बदायूं राज्यमार्ग पर बेलाडांडी मोड़ के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते मंगलवार को भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। वाहनों को लौटाने के लिए मार्ग पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
जिले में पुलों के बाद अब बदहाल सड़कें भी वाहन चालकों को धोखा दे रही हैं। रामगंगा पर बना दातागंज का मुंडा पुल अधूरा पड़ा है। वहीं बिसौली क्षेत्र के एक पुल को भारी वाहनों के लिए बंद करने के बाद अब दातागंज-बदायूं राज्यमार्ग भी बंद कर दिया गया है। इस मार्ग पर दातागंज से सात किलोमीटर आगे बेलाडांडी मोड़ के पास सड़क क्षतिग्रस्त है। बड़े-बड़े गड्ढे होने के चलते हादसों की आशंका है। इसके चलते भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस मार्ग से जिला शाहजहांपुर के अलावा लखनऊ के लिए भी वाहन जाते हैं। संवाद