बदायूं। जनपद पुलिस ने गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी पर्व पर 24 जून को कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर स्नान करने लाखों श्रद्धालुओं की आने की संभावना को देखते हुए शहर में 24 घंटे के लिए डायवर्जन लागू कर दिया है। यह डायवर्जन सोमवार रात 8 बजे से शुरु होकर मंगलवार रात 8 बजे तक भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों का भी डायवर्जन रहेगा।
पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन के मुताबिक, बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान जाने वाले ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम व अन्य वाहन उझानी बाइपास, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर और बबराला होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहन नौशेरा तिराहा से कादरचौक और गंजडुंडवारा मार्ग से भेजे जाएंगे।
मुजरिया चौराहे तथा सहसवान-कछला मार्ग से किसी भी वाहन को कछला होकर कासगंज नहीं जाने दिया जाएगा। इसमें नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान-कछला रोड पर संबंधित थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की ओर से लागू कराई जाएगी। संवाद