बदायूं। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा को ज्ञापन देकर प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र महाजन के नेतृत्व में पहुंचे सर्राफा एसोसिएशन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि बदायूं नगर में आए दिन लगने वाले जाम से व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शहर के प्रमुख बाजारों में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिल सकती है।
वहीं एसपी सिटी अभिषेक सिंह से भी व्यापारियों ने भेंट की। ज्ञापन देने वालों में नितिन रस्तोगी, कपिल रस्तोगी, संजय रस्तोगी, संदीप वर्मा, दीपक गुप्ता, विजय गुप्ता, भगवान स्वरूप गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, शिवम गुप्ता, यश गुप्ता, अक्षत गुप्ता सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे। सभी ने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।