बदायूं। सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसराें सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा के बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने विवेचना पूरी कर ली है। पुलिस अब जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
एसएसपी के मुताबिक, इस जघन्य हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाई जा सके। एचपीसीएल प्लांट में तैनात दोनों अधिकारियों की 12 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह ने मूसाझाग थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया था। घटना ने सनसनी फैला दी थी और औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। पुलिस ने इस मामले में कुल पांच आरोपियों को अभियुक्त बनाकर गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह ही है, जिसके साथ उसका भाई केशव प्रताप सिंह और तहेरा भाई अभय प्रताप सिंह साजिश में शामिल रहे थे। इनके अलावा दो अन्य आरोपियों ऑपरेटर मुनेंद्र विक्रम सिंह और बोलेरो चालक धर्मेंद्र पर अजय का सहयोग करने का आरोप है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि इन आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है, ताकि इनके खिलाफ और भी सख्त कानूनी प्रावधान लागू किए जा सकें।
तकनीकी साक्ष्यों, बयान, सबूत के आधार पर हुई विवेचना
इस मामले की विवेचना पूरी कर ली गई है। अब किसी नए आरोपी का नाम शामिल नहीं किया जाएगा। सभी पहलुओं पर तकनीकी साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से जुटाए गए सबूत और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का गहन परीक्षण किया गया है। इन सबके आधार पर एक मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि सुनवाई में तेजी आए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। आरोपियाें के खिलाफ एनएसए व गैंगस्टर लगाने की प्रक्रिया भी चल रही है। - अंकिता शर्मा, एसएसपी