कछला-मुजरिया रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पड़ोसी घायल है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा रात में करीब 10 बजे कछला-मुजरिया रोड पर दहेमू पुलिया के पास हुआ। बिल्सी की ओर से कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगरिया निवासी राजेंद्र सिंह (32) पुत्र मोहन लाल कश्यप और शिव कुमार (40) पुत्र सूबेदार घर लौटने को ट्रैक्टर-ट्रॉली से चले। राजेंद्र ड्राइविंग कर रहा था। नीलगाय सामने आ जाने पर वह संतुलन खो बैठा। वह उस पर काबू पाता, उससे पहले ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। राजेंद्र ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
किसी राहगीर की सूचना पर कछला चौकी इंचार्ज मानपाल सिंह रात में ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एक वाहन सवार लोगों की मदद से राजेंद्र के शव को बाहर निकलवाया। घायल शिवकुमार से नाम और पते ही जानकारी हासिल कर पुलिस ने उनके घरवालों को भी फोन कर दिया। देर रात ही घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। घायल शिवकुमार को जिला अस्पताल भर्ती कराने के बाद पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।