मुजरिया। बिल्सी मार्ग चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर लगने से ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक व क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने मजदूर के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। घायल मजदूर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सहसवान कोतवाली के गांव गढ़ौलिया पट्टी तासोल उर्फ धुबिया निवासी इस्लाम का बेटा बबलू बृहस्पतिवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुजरिया थाना क्षेत्र में भूसा लेने गया था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरने के लिए गांव के ही छह मजदूर गए थे। इनमें सलमान उर्फ मोहम्मद (22) पुत्र मसेर अली भी था। रात करीब 11 बजे सभी मजदूर भूसा भरकर घर के लिए लौट रहे थे।
इसी बीच मुजरिया थाने से 200 मीटर की दूरी पर बिल्सी मार्ग पर चौराहे के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली से अलग होकर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पर बैठे सभी मजदूर गिर पड़े। वहीं, ट्रैक्टर के नीचे दबने से सलमान उर्फ मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कामिल घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। वहीं, पुलिस ने ट्रक व क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मुजारिया इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि ट्रक की साइड लगने से ट्रैक्टर पलट गया था। हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया है।