बदायूं। थाना उसहैत क्षेत्र में किराए पर ट्रैक्टर लेकर चला रहे ग्रामीण ने स्वामी को बिना बताए ही उसका ट्रैक्टर और कृषि उपकरण बेच डाले। जानकारी होने के बाद मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो अब कोर्ट के माध्यम से ट्रैक्टर स्वामी ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बछेली निवासी ताराचंद्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि सन 2020 में उसने सोनालिका ट्रैक्टर कृषि कार्य के लिए लिया था। ट्रैक्टर फाइनेंस पर लिया था, जिसकी किस्त जमा करने के बाद ट्रैक्टर मय रोटावेटर, कल्टीवेटर हैरो ट्रैक्टर चालित पानी का पंप व डालर किराए पर चलाने के लिए गांव के जय सिंह पुत्र रामगोपाल को दे दिया था।
शुरुआत के दिनों में जय सिंह शाम को ट्रैक्टर मय सामान मेरे घर पर खड़ा कर जाता था, लेकिन 27 जून को जय सिंह ने ट्रैक्टर मय सामान को राजवीर निवासी ग्राम दियोरईया थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद के हाथ बेच दिया। ट्रैक्टर मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत थाना पुलिस से लेकर एसएसपी से भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर उसने न्यायालय का सहारा लिया। आदेश मिलने के बाद जय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।