बिसौली पहुंचा फेम टूर में शामिल लोग एक मंदिर में। संवाद
बदायूं। प्रदेश के ग्रामीण अंचल में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए टूर ऑपरेटरों को गांवों की संस्कृति और परंपरा से रूबरू कराया गया। एग्री गंगा एंड गंगे जियोस्टैट इन्फॉर्मेटिक्स इंडिया की ओर से बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं के टूर ऑपरेटरों के लिए फैम टूर आयोजित किया गया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने शाहजहांपुर के पटना देवकली और बदायूं के अटेना पुख्ता और ककोड़ा पर्यटन गांवों का भ्रमण किया। टूर ऑपरेटरों ने प्रमुख पर्यटन स्थलों और विकसित किए जा रहे ग्रामीण पर्यटन के बारे में जाना। प्रतिभागियों ने स्थानीय कहानीकारों से ग्रामीण कहानियां सुनीं। प्रशिक्षित गाइड के साथ गांव घूमा। हस्तशिल्प उत्पाद, फार्महाउस, कृषि गतिविधियां, ग्रामीण जीवनशैली और पारंपरिक भोजन का अनुभव लिया। ठहरने की संभावनाओं के लिए होमस्टे का अनुभव भी कराया गया।
फैम टूर में बरेली के रामबाबू, बदायूं से आलोक, सचिन, राजेश और शाहजहांपुर से विक्रम सिंह सहित कई टूर ऑपरेटरों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य गांवों को पर्यटन पैकेज में शामिल करना है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।