मूसाझाग (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम मौसमपुर स्थित तालाब में शुक्रवार को कछुओं की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत 10 कछुआ बरामद किए। बाकी बचे कछुआ किस हालात में हैं इसकी जानकारी के लिए तालाब की सफाई कराई जा रही है।
शुक्रवार दोपहर मौसमपुर गांव के लोगों ने मृत कछुए तालाब में पानी पर उतराते देखे थे। जिस पर लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी रवेंद्र सिंह विष्ट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इस बीच कुछ ग्रामीण जमा हो गए। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से मृत कछुआ बाहर निकाले। रवेंद्र सिंह विष्ट ने बताया कि तालाब का पानी काफी गंदा है। इससे पता नहीं चल रहा है कितने कछुओं की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि तालाब में कुछ जीवित कछुए भी देखे गए हैं। इससे माना जा रहा है कि तालाब में जहरीला पदार्थ नहीं डाला गया है। तालाब की सफाई के लिए से पंपसेट पानी निकाला जा रहा है। इसके बाद तालाब में स्वच्छ पानी भरा जाएगा। पोस्टमार्टम कराने पर कछुओं की मौत की वजह पता चल सकेगी।