उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वसोमा गांव के नजदीक एक महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। महिला अपने देवर के साथ रसोई गैस सिलिंडर लेने जा रही थी। तभी उसका दुपट्टा पहिये में फंस गया और उससे महिला के गले में फंदा लग गया। परिवार वाले उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे का है। उस समय उझानी कस्बे के मोहल्ला बाजार कलां निवासी अनीषा (45) पत्नी इरशाद अपने देवर मोहम्मद अहमद के साथ बाइक पर रसोई गैस सिलिंडर लेने जा रही थी। परिवार वालों के मुताबिक उसकी बाइक वसोमा गांव के नजदीक पहुंची थी कि अचानक अनीषा का दुपट्टा बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। इससे महिला के गले में फंदा लग गया। वह बाइक से नीचे आ गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। इसकी सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत दम घुटने, सिर में चोट और लीवर फटने से हुई है। पुलिस ने शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।