यूपी बोर्ड का रिजल्ट आने पर खुशी का इजहार करतीं देवनागरी कॉलेज की छात्राएं। स्रोत: विद्यालय
उझानी। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट को लेकर छात्र और छात्राओं में गजब का उत्साह नजर आया। अपराह्न बाद से कॉलेजों में जुटे छात्र और छात्राओं को जब अपने नंबरों का पता लगा तो वह खुशी से उछल पड़े।
देवनागरी इंटर कॉलेज में निदेशक संकेत मोहन शर्मा ने शिक्षक और शिक्षिकाओं को ऑनलाइन रिजल्ट सर्च करने के काम में जुटा दिया। कॉलेज में हाईस्कूल की अनन्या माहेश्वरी, अंशिका पचौरी, कशिश तोमर तो इंटर में साक्षी सागर, ऋचा शर्मा का प्रबंधक राममोहन शर्मा ने मुंह मीठा कराया। इससे पहले छात्राओं ने खुशी का इजहार भी किया।
एमजीपी कॉलेज में प्रधानाचार्य संजीव तोमर ने जिले के टॉप- टेन में शामिल इंटरमीडिएट के छात्र हिमांशु बघेल के हौसले की तारीफ की। उन्होंने बताया कि हिमांशु ने कॉलेज का नाम रोशन कर दिया है। अयोध्या प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर उमा विद्यालय में रतन जिंदल ने हाईस्कूल के मेधावी अमन राना का मुंह मीठा कराया। विमला हरिभगवान कॉलेज, ओमप्रकाश शर्मा इंटर कॉलेज, सालिक राम आदर्श इंटर कॉलेज अब्दुल्लागंज, आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज और विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी जश्न का माहौल रहा। खुशी के मौके पर अभिभावक भी जुटे। उन्होंने भी मेधावियों का हौसला बढ़ाया।