सहसवान के प्रमोद इंटर कॉलेज में बोर्ड की परीक्षा को लेकर लगे सीसीटीवी कैमरे। संवाद
बदायूं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी से होनी हैं। इसके लिए जिले में 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अब परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। केंद्रों पर शौचालयों व पानी पीने की व्यवस्था ठीक कराई जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराए जा रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट व हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारों ने तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रों पर परीक्षार्थी को कोई दिक्कत न हो इसके लिए शासन ने गाइडलाइन जारी कर दी है। प्रयोगात्मक परीक्षाएं एक से आठ फरवरी के बीच प्रस्तावित हैं। विद्यालय स्तर पर हो रही प्रयोगात्मक परीक्षा से पहले सीसीटीवी कैमरे और शौचालय ठीक कराए जा रहे हैं।
प्रयोगात्मक परीक्षा की भी होगी ऑनलाइन निगरानी
प्रयोगात्मक परीक्षाओं की भी सीसीटीवी के जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू होने से पहले सभी सीसीटीवी कैमरे कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे। प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षा की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश भी बोर्ड ने दिए हैं। परीक्षा केंद्रों वाले स्कूलों में शौचालय व सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने में प्रधानाचार्य लगे हुए हैं।
सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगात्मक परीक्षा से पहले शौचालय व सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से ठीक करा लें। केंद्रों काे चेक भी किया जा रहा है। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस