तिरंगा यात्रा निकालती हुईं आरएसएस से जुड़ी महिलाएं
बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महिला समन्वयक इकाई ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के साहस और शौर्य को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली। भारतमाता व सैनिकों के जयघोष से वातावरण में देशभक्ति घुल गई।
बतौर मुख्य अतिथि गिंदो देवी महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरला चक्रवर्ती ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष नागरिकों का खून बहाकर भारत के प्रधानमंत्री एवं देश की सेना को चुनौती दी थी। भारतीय सेना के वीर जवानों ने 22 मिनट में पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों व उनके ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।
विद्यालय से मीरा चौकी, बजरंगनगर, रामबाड़ा होते हुए वापस विद्यालय आकर यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल, संयोजिका सीमा रानी, कंचन सक्सेना, पूनम सिंह व डॉ.गार्गी बुलबुल आदि मौजूद रहीं।