उझानी। बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र का शटर तोड़कर अंदर से 3.56 लाख रुपये की चोरी के मामले में संचालक के जरिये पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की एक और नई फुटेज मिल गई। घटना के समय चोर के आसपास ही घूम रहे तीन युवक नजर आ रहे हैं।
चोरी की इस घटना के खुलासा के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा सर्विलांस टीम भी जुट गई है। पुलिस की सर्विलांस टीम ने बीटीएस के जरिये कुछेक मोबाइल फोन नंबरों की लोकेशन भी खंगालनी शुरू कर दी है। बताते हैं कि शनिवार पूर्वाह्न ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक मनोज गोयल ने पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की एक और फुटेज सौंपी है।
बताते हैं कि फुटेज में घटना के समय ही तीन युवक ग्राहक सेवा केंद्र के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं। युवकों में से एक ने अपने चेहरे को रुमाल से ढका हुआ है। अंधेरा होने की वजह से दो अन्य युवकों के चेहरे भी साफ नजर नहीं आ रहे।
फुटेज को देखकर संचालक को भी तीरों युवकों के ग्राहक सेवा केंद्र में घुसे चोर के साथी होने का शक है। इसके बाद पुलिस ने आसपास इलाके के कैमरे भी देखने शुरू कर दिए हैं। ताकि कम से कम इस बात का पता लग जाए कि वह घटना को अंजाम देने के बाद बाजार में किस ओर निकले थे।
बता दें कि शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे ग्राहक सेवा केंद्र का शटर तोड़कर चोर केबिन में रखी रैक से 3.56 लाख रुपये चुरा ले गए थे। केबिन के अंदर की फुटेज में एक ही युवक घुसा और रैक से रुपये निकालने के बाद बाहर निकलते भी नजर आया है। उसके हाथ में लोहे की बड़ी छैनी भी नजर आ रही है। शटर तोड़ने में उसी का इस्तेमाल किया गया होगा। घटना के खुलासा के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं।