दातागंज। अंत्योदय राशन कार्ड धारक को मृत दर्शाकर उसका कार्ड पूर्व प्रधान के नाम पर चढ़ा दिया गया। आरोप है कि मृत्यु संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत कर दिए। मामला उजागर होने पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव कूढा कुठिया सुल्तानपुर के पप्पू के पास पिछले 15 साल से अंत्योदय राशन कार्ड मौजूद था। पप्पू पर जमीन नहीं है। वह पानीपत में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था। इस महीने जब वह राशन लेने कोटेदार के पास पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसका राशन कार्ड काटकर पूर्व कोटेदार पुष्पा देवी पत्नी रघुवर दयाल के नाम कर दिया गया है। इसलिए अब उसे राशन नहीं मिलेगा।
जब उसने पूर्ति कार्यालय में जानकारी की तो पता चला कि उसे मृत दिखाकर राशन कार्ड पूर्व प्रधान के नाम पर चढ़ा दिया गया है। वहीं, लेखपाल और सचिव का कहना है की न उन्होंने कोई जांच की है और न ही कोई रिपोर्ट लगाई है। पीड़ित पप्पू ने मुख्यमंत्री पोर्टल और एसडीएम से शिकायत की।
पूर्ति निरीक्षक प्रदीप यादव ने बताया कि लेखपाल, सचिव और ग्राम प्रधान की जांच रिपोर्ट के आधार पर राशन कार्ड से पप्पू का नाम काटा गया है। जांच की जाएगी। किसकी वजह से यह लापरवाही हुई। उसी आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत प्राप्त हुई है। जांच जारी है। किस स्तर पर लापरवाही हुई है। जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम