उझानी। कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसों में दो युवकों समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों हादसों में घायल युवकों समेत तीनों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। इसी वजह से उनके सिर में भी चोट आई है।
पहला हादसा शुक्रवार शाम अढ़ौली रेल फाटक के पास हुआ। अढ़ौली निवासी विनीत (25) पुत्र गंगा प्रसाद और नरेंद्र (24) पुत्र राजेंद्र घर से बाइक से कस्बे की ओर निकले। फाटक के पास दूसरी बाइक सवार से टक्कर के दौरान दोनों घायल हो गए। घायलों में विनीत की हालत गंभीर बताते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा बाइपास पर बरामालदेव मोड़ के पास दो बाइकों की भिडंत में दिल्ली निवासी इंद्रजीत (55) लहूलुहान हो गए। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इंद्रजीत बदायूं जा रहे थे। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। संवाद