आत्महत्या को उकसाने के आरोपी। संवाद
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव रिसौली में बीती 14 जनवरी को एक वृद्ध का शव गांव के पास बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास मिला था। इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी, पुत्र समेत तीन को जेल भेजा गया है।
कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि बीती 14 जनवरी को रिसौली निवासी रमाकांत का शव गांव के पास संदिग्ध हालात में मिला था। इसमें मृतक की पत्नी ओमवती ने एक तहरीर दी थी, जिसके बाद अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण फंदे से लटकना आया था।
इसके बाद पुलिस ने गांव निवासी वीरपाल पुत्र रोशनलाल से घटना के संबंध में पूछताछ की। उसने बताया कि 13 जनवरी की रात में करीब तीन बजे वह अपने घर पर सोया हुआ था, उसे बुलाने रमाकान्त का पुत्र बिनेश आया। उसने बताया कि उसके पापा ने छत के कुंडे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
इस पर वीरपाल, विनेश के साथ उसके घर गया। तीनों ने मिलकर रमाकांत का शव उतारा। इसके बाद रमाकान्त की पत्नी ओमवती ने कहा कि शव जंगल में कहीं फेंक आओ। इसके बाद रमाकान्त के शव को बैलगाड़ी में रखकर गांव के बाहर भट्ठे पर घास के झुंडों में डाल आए। पुलिस ने रमाकांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके पुत्र विनेश, पत्नी ओमवती और वीरपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।