बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव गुधनी निवासी एक परिवार के तीन लोगों की हरियाणा के करनाल में हुए सड़क हादसे में हुई मौत हो गई। उसके सदमें आए पिता की भी हार्टअटैक से मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। चार लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में गम का माहौल है।
गुधनी निवासी ओमपाल पुत्र शिवदयाल ने बताया उनका भाई जसवीर परिवार के साथ पंजाब के होशियारपुर जिले में रहकर मजदूरी करता था। दो अक्तूबर को ओमपाल की पुत्री आदेश कुमारी की शादी में शामिल होने के लिए सभी लोग पिकअप से गांव आ रहे थे। रात के करीब साढ़े 11 बजे करनाल और पानीपत के बीच हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी पिकअप गाड़ी में टक्कर मार दी।
हादसे में जसवीर (30) पुत्र शिवदयाल, राज बरोलिया निवासी जोगेंद्र का 10 वर्षीय पुत्र रोहित, राजेंद्र की छह वर्षीय पुत्री संध्या की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। साथ ही पिकअप गाड़ी में सवार एक दर्जन से अधिक परिवार के लोग घायल हो गए।
यह खबर गांव पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। इस हादसे के सदमे में जसवीर के पिता शिवदयाल (65) की हार्टअटैक से मौत हो गई। शव सोमवार देर रात गांव पहुंचा तो सभी की आंखें नम हो गई। रोहित का अंतिम संस्कार उसके गांव राज बरौलिया में किया गया। जबकि जसवीर, संध्या और शिवदयाल का अंतिम संस्कार गुधनी स्थित श्मशान भूमि पर किया गया।
मृतक जसवीर का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार द्वारा
मृतक जसवीर का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार द्वारा