सैदपुर। वजीरगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने को लेकर सोमवार को पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज किए। मंगलवार को सैदपुर कस्बे में आई लव मुहम्मद की रैली निकालने की अफवाह फैली। इसकी सूचना पर पुलिस दौड़ गई। पुलिस प्रशासन ने उस समय राहत की सांस ली, जब रैली निकालने की बात अफवाह निकली। वहीं बगरैन कस्बे में फिलहाल शांति है। यहां दूसरे दिन भी क्षेत्र में पुलिस सर्तक दिखाई दी।
सोमवार की सुबह बगरैन कस्बे में अनिल राठौर ने पैगंबर साहब को लेकर एक पोस्ट को लाइक व शेयर कर दिया था, जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने जमकर हंगामा किया। एहसान की ओर से अनिल राठौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं अनिल राठौर की ओर से शाजिया ने 70 अज्ञात व चार नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला जैसे-तैसे शांत हुआ। मंगलवार की सुबह असामाजिक तत्वों ने आई लव मुहम्मद की कस्बे में एक रैली निकालने की झूठी अफवाह फैला दी। इसके चलते पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही क्राइम इंस्पेक्टर बाबूराम गौतम और हल्का इंचार्च सुपेंद्र मलिक ने पुलिस बल के साथ कस्बे में पहुंच गए। नगर पंचायत चेयरमैन इशरत अली ख़ान, समाजसेवी अनवर अली खान और भाजपा नेता विकार अहमद खान सहित धर्म गुरुओं ने शांति बनाए रखने की अपील की।
ईदगाह के पूर्व पेशे इमाम मौलाना शाने आलम खान और मुफ्ती शाने आलम मिस्बाही उदयपुरी ने मुसलमानों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धार्मिक भावनाएं भड़काने को लेकर की गई पोस्ट के मद्देनजर सभी लोगों से शांति और भाईचारे की अपील की है। साथ ही प्रशासन को हर तरह का सहयोग का भरोसा दिलाया है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि क्षेत्र में पूरी तरह से शांति है। दर्ज मुकदमे अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जो दोषी होगा, उसको जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।