स्थानांतरित होकर आए एसडीएम को जल्द ही मिलेंगे चार्ज
अभी और प्रशासनिक अधिकारियों के हो सकते हैं तबादले
जिले में स्थानांतरण का दौर शुरू हो चुका है। डीएम और एसएसपी के स्थानांतरण के बाद अब उपजिलाधिकारियों के ट्रांसफर भी हुए हैं। जिले की पांच तहसीलों के एसडीएम में से तीन को अन्य जिलों को स्थानांतरित किया गया है। वहीं दो एसडीएम अन्य जिलों से स्थानांतरित होकर यहां आ रहे हैं।
एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसडीएम सदर प्रदीप यादव का स्थानांतरण कानपुर हुआ है, तो एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल चित्रकूट भेजे गए हैं। एसडीएम दातागंज ओपी तिवारी बलिया स्थानांतरण हुआ है। यहां बता दें यह तीनों ही उपजिलाधिकारी आने-अपने तहसीलों में बेहद सक्रिय रहे। दातागंज में जमीनों का अधिक विवाद रहा। वहां भूमाफिया का बोलबाला है। एसडीएम दातागंज ने जमीन विवादों में कई अहम फैसले लिए। कुछ फैसलों को लेकर तमाम प्रभावी लोगों की मंशा पूरी नहीं हुई। अभी यहां इतने विवाद हैं कि अगले एसडीएम के लिए दातागंज तहसील कांटो भरा ताज होगा। इसी प्रकार एसडीएम सदर और एसडीएम बिल्सी भी तमाम फैसले ऐसे लेते रहे हैं, जो प्रभावी लोगों के माफिक नहीं हो सके हैं।
एडीएम प्रशासन की माने तो महाराजगंज से एसडीएम विजय कुमार और चित्रकूट से एसडीएम रजनीश मिश्रा यहां स्थानांतरण पर आ रहे हैं। तीन तहसीलों से एसडीएम के सथानांतरण से तीन तहसीलें खाली होंगी, लेकिन दो एसडीएम ही स्थानांतरण पर आएंगे। एक और एसडीएम के जल्दी आने की संभावना है। माना जा रहा है कि स्थानांतरित एसडीएम को रिलीव मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही किया जा सकता है। चुनाव को देखते हुए तबादलों का दौर चल रहा है। माना जा रहा है कि अभी कुछ और प्रशासनिक अधिकारी स्थानांतरण पर जा सकते हैं।