तिलहर पुलिस की गिरफ्त में बाईक चोरी के आरोपी। संवाद
तिलहर। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को शुक्रवार को सुबह जैतीपुर मार्ग पर नहर की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उनकी निशानदेही पर चोरी की गईं छह बाइकें भी बरामद कर ली गईं।
प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव रमापुर निवासी राम लखन उर्फ नन्हे, इसी गांव के अवनीश और फीलनगर गांव के इमरान शामिल हैं। उनकी निशानदेही पर बरामद हुईं बाइकें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से चोरी की गईं थीं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किए जाने पर वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद