उघैती (बदायूं)। गांव ईखखेड़ा में सोमवार अपराह्न करीब 2:15 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने सैलून संचालक काे उसकी दुकान पर आकर गोली मार दी। गोली उसके सिर व पेट में लगी है। दो गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को उपचार के लिए सीएचसी रुदायन भेजा, जहां हालत नाजुक बताए जाने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से परिजन उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा व एसपी देहात डॉ. ह्देश कठेरिया घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने देर रात तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
उघैती कस्बे के रहने वाले समीर (20) पुत्र जाहिद गांव ईखखेड़ा में सैलून चलता है। परिजनों ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे वह खाना खाने के लिए घर आया था। अपराह्न करीब 1:30 बजे समीर के पास किसी का फोन आया तो वह दुकान पर चला गया। करीब 2:15 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर समीर पर फायरिंग कर दी। हमले में समीर के दो गोली, एक सिर तो दूसरी पेट में लगी।
इस दौरान दुकान पर काम सीख रहा सोनू पुत्र नजरे अहमद निवासी खेड़ा, जो करीब ही था, गोली की आवाज सुनकर मौके से भाग निकला और घटना की सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंचे तीन थानों की पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं घायल समीर को सीएचसी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत नाजुक देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि समीर चार भाई बहनों में सबसे बड़ा है। मेहनत कर पूरे परिवार को चलाने में उसकी अहम भूमिका है। बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही उसकी शादी भी तय कर दी गई है। पिता फेरी लगाकर कबाड़ा खरीदने का काम करते हैं।
प्रेमप्रसंग के चलते गोली मारने की चर्चा
गांव समेत क्षेत्र में चर्चा है कि समीर का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। लोगाें का मानना है कि इसी के चलते उसको रास्ते से हटाने के लिए जानलेवा हमला किया गया। हालांकि परिवार के लोग इससे इन्कार कर रहे हैं। आसपास लगे सीसी कैमरों के बारे में भी पुलिस पता लगा रही है। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। उधर, एसएसपी ने भी लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
खुलासे के लिए दो टीमें की गईं गठित
दिनदहाड़े युवक को गोली मारने के मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाने और दूसरी एसओजी टीम को टीम में शामिल किया है। निर्देश जारी किए है कि जो भी दोषी हों उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
अपराह्न करीब 2:30 बजे उघैती थाने पर सूचना मिली था कि गांव ईखखेड़ा में सैलून संचालन को बदमाशों ने गोली मार दी है। आलाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षक किया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -डॉ.ह्देश कठेरिया, एसपी देहात
इसी दुकान पर मारी गई है युुवक को गोली। संवाद- फोटो : सीएचसी एलिया के अंदर जन औषधि केंद्र में बिक रहीं ब्रांडेड दवाओं को देखते सीएमओ।