बदायूं। बिसौली में सीएमओ के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम ने तीन पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया है। उनके संचालकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है।
सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने नोडल अधिकारी पंजीकरण सेल से डॉ. पवन जायसी, लिपिक पारस सिंह व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा को शामिल कर जांच टीम गठित की। टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न लैब की जांच की। इसमें नवाब शरीफ, डॉ. हबीब सैफी, मुकेश शर्मा की लैब जांच की। जांच के दौरान टीम ने इनके संचालकों से पंजीकरण व लाइसेंस से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। किसी ने भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बनी अवैध तीनों लैब को तत्काल सील किया गया है। इनके संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई है। बिसौली कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्सा अधिकारियों की टीम की तहरीर पर संबंधित लैब संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।