बिसौली। कस्बे के नई बस्ती वार्ड-17 स्थित ईदगाह रोड से तीन मासूम बच्चे लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी का केस दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू की है।
पीड़ित नूर मोहम्मद के अनुसार 18 मार्च की शाम करीब 6 बजे उसका बेटा आहिल (10 वर्ष), रसूल अहमद (8 वर्ष) तथा भतीजा आरिश (14 वर्ष) घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गए। देर रात तक जब बच्चे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने बताया कि बच्चे पहले परिवार के साथ तेलंगाना के नेल्लूर स्थित एक दरगाह पर जा चुके हैं और अक्सर वहां जाकर पैसे कमाने की बात करते थे। इसी आशंका के चलते दरगाह पर रहने वाले परिचितों को बच्चों के फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए हैं, ताकि उनके बारे में कोई जानकारी मिल सके। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र पुंडीर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।