कुंवरगांव (बदायूं)। कस्बे के वार्ड नंबर चार में बुखार से चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से गांव में अफरातफरी मची हुई है। पता लगते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम कस्बे में पहुंच गई। परिवार समेत अन्य लोगों की जांच की गई। कस्बे में कैंप लगाया गया। विभाग अभी डेंगू से मौत की पुष्टि नहीं कर रहा है। हालांकि परिजन बुखार से मौत होना बता रहे हैं।
कुंवरगांव निवासी अंशु (14) को बुधवार को तेज बुखार आया तो परिजन उसको झोलाछाप के यहां ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। किशोर के चाचा प्रेमपाल (55) को भी बुखार आ रहा था। वह बरेली में एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। बृहस्पतिवार शाम को उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि प्रेमपाल को कई दिनों से बुखार आ रहा था। तेज बुखार आने पर बरेली के अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें डेंगू की पुष्टि की थी।
इसके अलावा मोहल्ले के ही अमरजीत (42) को चार दिन पहले बुखार आया तो परिवार के लोगों ने पहले तो थाने के सामने एक झोलाछाप के यहां दवा दिलाई। हालत में सुधार न होने पर उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार की शाम उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि जांच तो कराई गई, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए हैं। कस्बे में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप, जांच कराकर बांटीं दवाएं
कुंवरगांव में वार्ड नंबर चार में 24 घंटे के अंदर तीन मौतें होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। आनन-फानन में टीम गांव भेजी गई। कैंप लगाकर बुखार पीड़ित लोगों की जांच कराई गई। वहीं मृतकों के परिवार के लोगों की भी जांच की गई। उन्हें दवाएं दी गईं।
चाचा-भतीजे की मौत से परिवार गमगीन
भतीजे अंशु के शव का अंतिम संस्कार कर परिजन लौटे ही थे कि चाचा प्रेमपाल की मौत की खबर मिल गई। इसके बाद परिवार के लोग बरेली दौड़ गए। शुक्रवार को प्रेमपाल के शव का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुंवरगांव में वार्ड नंबर चार में 24 घंटे के अंदर तीन मौतें होने की सूचना मिली तो खुद कस्बे में जाकर जांच पड़ताल की। कैंप लगवाकर जांच के साथ दवा बंटवाई गई। कस्बे में लगातार कैंप लगाकर लोगों की जांच कराई जाएगी। -डॉ. रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ
मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो
मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो
मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो