बदायूं। मंगलवार को जिला कारागार के एक बंदी और डॉक्टर समेत तीन लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर आठ पहुंच गया है, लेकिन स्वास्थ्य केवल एक व्यक्ति की मौत मान रहा है। जबकि एक दिन पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। गाइड लाइन के अनुसार उनके अंतिम संस्कार किए गए।
जिला कारागार का बंदी दरियाव सिंह (80) पुरानी चुंगी देसी शराब की दुकान का अनुज्ञापी था। पांच अप्रैल को वह मिलावटी शराब बनाने और सप्लाई करने के मामले में जेल भेजा गया था। 11 अप्रैल को वह कोरोना पॉजिटिव हो गया। चार-पांच दिन उसका इलाज जेल के अस्पताल में चलता रहा, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। 17 अप्रैल को उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। जहां मंगलवार दोपहर उसकी मौत हो गई। देर रात तक उसके शव का अंतिम संस्कार नहीं कराया जा सका। इधर, घंटाघर पर क्लीनिक चलाने वाले डॉ. हफीज का मंगलवार को कोरोना की चपेट में आने से निधन हो गया। उनका एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। वहीं उझानी कस्बे में एक व्यापारी की कोरोना से मौत हो गई। व्यापारी कुछ दिन पहले कोरोना पॉजिटिव हुए थे। उनका भी एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। देर रात तक उनके शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका।
न्यायालय के पेशकार और लैब टेक्नीशियन समेत 140 कोरोना पॉजिटिव
मंगलवार को जिले में 140 कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें स्पेशल जज एससीएसटी एक्ट के पेशकार संजय कक्कड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे दीवानी न्यायालय परिसर को सैनिटाइजेशन के बाद 24 घंटे को बंद कर दिया है। तो वहीं उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एलटी श्रीनिवास गौतम, वार्ड आया की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा रतेनगला में एक बालिका समेत तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। इधर, शहर के मोहल्लों में 81, बिसौली आठ, उझानी 23, सहसवान, आसफपुर और अंबियापुर चार-चार, जगत, म्याऊं और समरेर दो-दो, वजीरगंज में पांच पॉजिटिव निकले हैं।