बदायूं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को मतदान के बाद मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया है। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक धर्मेंद्र सिंह, डीएम दीपा रंजन, एसएसपी संकल्प शर्मा ने कई स्थानों पर स्ट्रांग रूम का जायजा लिया और दिशा निर्देश दिए। सालारपुर और जगत की मतपेटियों को मंडी समिति में रखा गया है, जबकि अन्य ब्लॉक की ब्लॉक मुख्यालयों पर रखी गई हैं। दो मई को लॉकडाउन के दिन मतगणना होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन का आदेश दिया है। पंचायत चुनाव के सभी चरण पूरे होने के साथ दो मई को प्रदेश में एक साथ मतगणना होनी है। इसी दिन बदायूं में भी पंचायत चुनाव की मतगणना है। दो मई को रविवार है। ऐसे में प्रत्याशी मतणगना को लेकर सशंकित हैं। दरअसल, मतगणना वाले दिन मतगणना स्थलों पर प्रत्याशियों के साथ चुनाव नतीजे जानने के लिए उनके समर्थक भी भारी संख्या में पहुंचेंगे। अब तक शासन की ओर से मतगणना को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि 29 अप्रैल को अंतिम चरण के मतदान के बाद मतगणना को लेकर दिशा निर्देश मिल सकते हैं। अब तक प्राप्त नहीं हुए हैं। मतगणना को लेकर प्रशासन भी उहापोह की स्थिति में है और शासन से दिशा-निर्देश मांगने की तैयारी में है।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतगणना का परिणाम जिला मुख्यालय से जबकि अन्य पदों के परिणाम ब्लॉॅकों से ही जारी किए जाएंगे। मतदान के बाद जहां जीत-हार की संभावनाओं पर चर्चा होती थी, वहीं इस बार रविवार को लॉकडाउन में मतगणना कैसे होगी, इस बात पर प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों के बीच चर्चा हो रही है।
मतगणना पूरे प्रदेश में दो मई को एक साथ होनी है। दो मई को रविवार होने के कारण लॉकडाउन रहेगा। मतगणना को लेकर शासन से जो भी दिशा-निर्देश जारी होंगे, उसके अनुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- ऋतु पुनिया, एडीएम प्रशासन