बदायूं। सहसवान में ग्राहकों को अपनी दुकान पर बुलाने के विवाद में एक दुकानदार और उसके भाई पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में दुकानदार के बाए हाथ की हड्डी टूट गई। उसके भाई को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने अब इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना दो मई 2026 की शाम करीब तीन बजे मोहल्ला स्टेट बैंक रोड पर मोहित बिरला की कन्फेक्शनरी की दुकान पर हुई। मोहित बिरला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनके पड़ोसी आलोक मालपाणी और उनके बेटे अर्पित व अभ्यांश मालपाणी उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को जबरन अपने पास बुलाते थे।
मोहित और उनके भाई रोहित ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपी रंजिश रखने लगे। घटना वाले दिन तीनों आरोपी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर मोहित की दुकान में घुस गए। आलोक ने मोहित पर हमला कर उनका बाए हाथ की हड्डी तोड़ दी। अर्पित और अभ्यांश ने रोहित पर प्राणघातक हमला कर उसे भी घायल कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी दुकानदार सचिन कुमार, हिमांशु माहेश्वरी, आकाश माहेश्वरी और उद्धव सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहित और रोहित को आरोपियों के चंगुल से बचाया।
गवाहों के आने पर तीनों आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मोहित बिरला ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने थाने में सूचना दी थी। हालांकि, दरोगा ने केवल उनकी चोटों का डॉक्टरी मुआयना कराया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस कारण आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। मोहित बिरला ने न्याय के लिए उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।