बदायूं। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर कई बदलाव किए हैं। इस बार परीक्षा में उपयोग होने वालीं उत्तर पुस्तिकाओं (कॉपियों) का आकार और स्वरूप दोनों बदल दिए गए हैं। बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, अब परीक्षार्थियों को ए-4 साइज की कॉपियां दी जाएंगी। ये कॉपियां प्रिंट निकाले जाने वाले पेपर की भांति होंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में अब तक प्रयोग होने वाली कॉपियां लैंडस्केप होती थीं। इस बार इन्हें वर्टिकल फॉर्मेट में ए-4 पेेपर के रूप में डिजाइन किया गया है। प्रत्येक कॉपी में लगभग 32 पेज होंगे। उत्तर पुस्तिकाओं में इस बार दो कवर पेज होंगे। पहला कवर पेज पूरी तरह परीक्षार्थियों के लिए होगा, जिसमें रोल नंबर, विषय कोड आदि जानकारियां भरी जाएंगी। वहीं, दूसरा कवर पेज पूरी तरह परीक्षक के लिए आरक्षित रहेगा, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।
बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं में कोडिंग व्यवस्था भी अनिवार्य कर दी है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रत्येक विषय की दो कॉपियां होंगी। पहली को मूल कॉपी माना जाएगा, जिस पर ‘अ’ कोड अंकित होगा, जबकि दूसरी कॉपी पर ‘ब’ कोड रहेगा। यह कोड पहले और दूसरे पृष्ठ पर स्पष्ट रूप से अंकित रहेंगे। इसके अलावा कोड के साथ एक क्यूआर कोड भी दिया गया है, जो पूरी तरह कोडिंग प्रणाली से जुड़ा होगा।
इस संबंध में डीआईओएस लालजी यादव ने कहा कि इससे उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान, ट्रैकिंग और मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका कम होगी।